रुद्रपुर: जनपद ऊधमसिंह नगर में पड़ रही अत्यधिक शीतलहर एवं घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा निर्णय लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के आधार पर जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर ने विद्यालयों के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार दिनांक 22 दिसम्बर 2025 से आगामी आदेशों तक जनपद के समस्त शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालय, सीबीएसई/राज्य बोर्ड तथा आंगनबाड़ी केन्द्र प्रातः 09:30 बजे से अपराह्न 03:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। आदेश की अवहेलना को आपदा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत उल्लंघन माना जाएगा।




