Breaking News

रुद्रपुर के समग्र विकास ज्वलंत एवं जनहित के मुद्दों पर मेयर विकास शर्मा ने कुमाऊँ आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत से की मुलाकात

रुद्रपुर के समग्र विकास ज्वलंत एवं जनहित के मुद्दों पर मेयर विकास शर्मा ने कुमाऊँ आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत से की मुलाकात

हल्द्वानी : रुद्रपुर नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने मंगलवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत से शिष्टाचार भेंट कर रुद्रपुर नगर के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के दौरान महापौर ने रुद्रपुर शहर में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आंतरिक मार्ग संख्या-87 में अटरिया मोड़ से डीडी चौक होते हुए त्रिशूल चौक तक सड़क के दोनों ओर आरसीसी नाले के निर्माण हेतु आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने अवगत कराया कि नगर निगम द्वारा इस कार्य का विस्तृत आगणन (डीपीआर) तैयार किया जा चुका है तथा इसकी अनुमानित लागत लगभग ₹1661.61 लाख है।

Advertisement

महापौर ने बताया कि उक्त निर्माण कार्य शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, वर्षाकाल में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने तथा आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अनुरोध किया कि इस जनहितकारी परियोजना हेतु जिला विकास प्राधिकरण के माध्यम से आवश्यक धनराशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।

कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने महापौर द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित प्रस्ताव का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित एवं शहरी विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

*मुलाकात के दौरान रुद्रपुर शहर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।*

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.