खनन कारोबारियों से वसूली कर रहा पुलिसकर्मी विजिलेंस के शिकंजे में, रिश्वत लेते दबोचा

ख़बरीलाल खोज(मनीश बावा) हल्द्वानी: सतर्कता अधिष्ठान उत्तराखंड की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नैनीताल जिले में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी आरक्षी खनन कारोबारियों को वाहनों का चालान और सीज करने की धमकी देकर रिश्वत मांग रहा था।
विजिलेंस के अनुसार शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि बेतालघाट चौकी थाना भवाली में तैनात एक पुलिसकर्मी खनन कार्य में लगे लोगों से 65 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप था कि पुलिसकर्मी खनन पट्टे से निकलने वाले वाहनों को अनावश्यक रूप से रोकने, चालान करने और सीज करने की धमकी देकर दबाव बना रहा था।
शिकायत की प्रारंभिक जांच सतर्कता अधिष्ठान द्वारा कराई गई, जिसमें मामला सही पाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिस कांस्टेबल को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 पर तुरंत दर्ज कराएं।

