अपराधियों पर शिकंजा कसें, किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराएं: एसएसपी
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने और बाहरी व्यक्तियों व किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस मुख्यालय स्तर से चल रहे अभियानों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। हिस्ट्रीशीटरों की लगातार निगरानी के साथ सक्रिय अपराधियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए। ऑपरेशन प्रहार और ऑपरेशन लगाम के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के बैकवर्ड व फारवर्ड लिंकेज खंगालकर गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डायल-112 पर मिलने वाली सूचनाओं पर रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम रखने को कहा गया।
साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एसएसपी ने MRM और GRM पोर्टल का अधिकतम उपयोग करने तथा स्कूल-कॉलेजों और आम जनता के बीच साइबर ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही JMIS, CRIMAC, CEIR और NATGRID जैसे पोर्टलों का प्रभावी इस्तेमाल कर सूचनाओं के बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्टों की सतत निगरानी कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा NBW/BW वारंटों की शत-प्रतिशत तामील, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती और ई-चालान की कार्रवाई बढ़ाने को कहा गया।
मानसून सीजन को देखते हुए सभी आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने तथा आपदा संबंधी सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
11 पुलिसकर्मी सम्मानित
बैठक से पहले एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सैनिक सम्मेलन लेकर उनकी विभागीय, व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। अगस्त माह में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 11 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


