ऊधम सिंह नगर की नगर पालिकाओं में भ्रष्टाचार के आरोप, डोर-टू-डोर और सफाई के ठेकों में अनियमितताओं की शिकायत
ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा)रुद्रपुर। उधम सिंह नगर की नगर पालिकाओं में सफाई एवं डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के ठेकों को लेकर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। नगर पालिका परिषद महुआखेड़ागंज में सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के कार्यों के लिए आमंत्रित निविदा प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए भाईचारा एकता मंच ने शासन-प्रशासन से शिकायत कर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि नगर पालिका में निविदा प्रक्रिया के दौरान नियमों के विपरीत शर्तें निर्धारित की गई हैं, जिससे स्थानीय उत्तराखंड के ठेकेदारों को निविदा में प्रतिभाग करने में परेशानी हो सकती है। आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया से एक विशेष फर्म को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि संबंधित फर्म के कार्यों को लेकर पूर्व में भी सवाल उठ चुके हैं। आरोप के अनुसार, नगर पालिका परिषद द्वाराहाट, जनपद अल्मोड़ा में किए गए कार्यों को लेकर महालेखाकार की ऑडिट रिपोर्ट में अनियमितताओं एवं मिलीभगत संबंधी आपत्तियां सामने आई थीं। वहीं, नगर पालिका परिषद टनकपुर में कथित रूप से कूटरचित अनुभव प्रमाण पत्र के आधार पर कार्य प्राप्त करने के मामले की जांच शासन एवं नगर पालिका स्तर पर चलने की बात भी शिकायत में कही गई है। भाईचारा एकता मंच ने महुआखेड़ागंज नगर पालिका की निविदा प्रक्रिया पर आपत्ति जताई है। संगठन का आरोप है कि इन शर्तों को उत्तराखंड की निविदा नियमावली के विपरीत निर्धारित किया गया है, जिससे निविदा प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस संबंध में अन्य ठेकेदारों ने भी आपत्तियां दर्ज कराई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।भाईचारा एकता मंच ने मुख्यमंत्री सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा निविदा प्रक्रिया को नियमानुसार संपन्न कराने की मांग की है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वह न्याय पाने के लिए माननीय न्यायालय की शरण लेगा।


