Breaking News

तीन राज्यों में भाजपा की ‘सुनामी’ पर रुद्रपुर में जश्न—विधायक शिव अरोरा बोले: बंगाल में गुंडाराज खत्म, मोदी नेतृत्व पर मुहर

तीन राज्यों में भाजपा की ‘सुनामी’ पर रुद्रपुर में जश्न—विधायक शिव अरोरा बोले: बंगाल में गुंडाराज खत्म, मोदी नेतृत्व पर मुहर

आतिशबाजी, मिष्ठान और ‘झालमुड़ी’ के साथ मनाया गया विजय उत्सव, सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
रुद्रपुर। 4 मई को आए चुनाव परिणामों में असम, पुंडुचेरी और पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी व एनडीए गठबंधन की जीत के बाद रुद्रपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। विधायक शिव अरोरा के कार्यालय पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा, जहां मिष्ठान वितरण, आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के बीच जीत का उत्सव मनाया गया।
विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने न केवल मिठाई बांटी, बल्कि जमकर नृत्य कर खुशी का इजहार किया। इस दौरान बंगाल चुनाव में चर्चा में आई ‘झालमुड़ी’ भी जश्न का खास हिस्सा बनी, जिसे कार्यकर्ताओं ने बड़े उत्साह के साथ खाया।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि असम, पुंडुचेरी और पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व पर जनता की मुहर है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह जीत तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों के मुंह पर करारा जवाब है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां लंबे समय से चली आ रही अराजकता और गुंडाराज पर जनता ने निर्णायक प्रहार किया है। भाजपा की यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती का परिणाम है। अरोरा ने कहा कि अब बंगाल में शांति, विकास और कानून व्यवस्था की नई शुरुआत होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि तीनों राज्यों में मिली सफलता से भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और इसका असर आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भी दिखाई देगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी और रुद्रपुर विधानसभा सीट पर भी ऐतिहासिक जीत दर्ज की जाएगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.