डीएम भदौरिया का एक्शन मोड, 24 लंबित सीएम घोषणाओं पर मांगी रिपोर्ट

खेड़ा में पर्यावरण मित्रों को मिलेंगे आवास,डीपीआर तैयार करने के आदेश
ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा )रूद्रपुर : जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में सीएम घोषणाओं, जिला योजना, आजीविका एवं रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा 25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जनपद में की गई 399 घोषणाओं में से 155 पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 24 घोषणाएं जिला स्तर पर लंबित हैं और शेष विभिन्न स्तरों पर प्रगति पर हैं।
डीएम ने लंबित घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए रुद्रपुर में बंग भवन, खेड़ा क्षेत्र में पर्यावरण मित्रों के आवास निर्माण तथा मानसखंड कॉरिडोर के अंतर्गत शिव मंदिर सौंदर्यीकरण कार्य की डीपीआर सात दिन में तैयार करने को कहा। साथ ही ग्रामीण निर्माण विभाग को तीन ग्रामीण सड़कों की डीपीआर जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जसपुर और खटीमा में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण हेतु भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने, शक्तिफार्म राजकीय इंटर कॉलेज तथा खटीमा के टीडीसी परिसर में खेल मैदान निर्माण की डीपीआर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग समयबद्ध और समन्वय के साथ कार्य करें।
इसके बाद आयोजित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट-2026 कार्यशाला में डीएम ने कहा कि अब शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी वैज्ञानिक कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था विकसित की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी को जनपद का विस्तृत मास्टर प्लान तैयार कराने के निर्देश दिए गए।
पीडी हिमांशु जोशी ने बताया कि जिले की 373 ग्राम पंचायतों को क्लस्टर आधारित मॉडल से जोड़ा जाएगा। 10 से 12 हजार आबादी पर एक क्लस्टर बनाते हुए जनपद में 78 से अधिक क्लस्टर विकसित किए जाने की योजना है। इन क्लस्टरों के माध्यम से कूड़ा संग्रहण, पृथक्करण, परिवहन और निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था लागू की जाएगी तथा निगरानी के लिए जिला और तहसील स्तर पर मॉनिटरिंग सेल गठित किए जाएंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

