बाजपुर के जंगलों में आबकारी विभाग का छापा : 35 लीटर कच्ची शराब बरामद, 3000 किलो लहन मौके पर किया नष्ट

बाजपुर: अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष सघन प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाजपुर क्षेत्र के जंगलों में छापेमारी कर भारी मात्रा में कच्ची शराब और लहन नष्ट किया।
शनिवार 6 जून 2026 को संयुक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप कुमार के आदेश तथा सहायक आबकारी आयुक्त एन.आर. जोशी के निर्देशन में अपराध निरोध क्षेत्र-4 की टीम ने बाजपुर के इटव्वा, गजरौला और महौली जंगल क्षेत्रों में सघन दबिश अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान टीम ने लगभग 35 लीटर कच्ची शराब बरामद की, जबकि अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त करीब 3000 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
आबकारी विभाग ने इस मामले में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अभियान में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट, प्रधान आबकारी सिपाही पवन कुमार कम्बोज, आबकारी सिपाही वंदना घिल्डियाल, अर्चना यादव तथा रेनुका बोरा शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

