अपराध नियंत्रण पर फोकस: एसएसपी अजय गणपति ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, 20 पुलिसकर्मी सम्मानित

ख़बरीलाल खोज ( मनीश बावा )रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध नशे का कारोबार, स्ट्रीट क्राइम और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए तथा पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर के सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में एसएसपी अजय गणपति ने जनपद में घटित विभिन्न अपराधों की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, जनशिकायतों के समाधान तथा कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जनपद के पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एसएसपी ने सभी सर्किल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के थाना और चौकियों की नियमित चेकिंग करने तथा पुलिस कार्यप्रणाली का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने और न्यायालय से जारी वारंट, समन व अन्य आदेशों की समय पर तामील सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
एसएसपी ने स्ट्रीट क्राइम की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने और अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
अवैध नशे के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि जनपद में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब, नशीले पदार्थों और नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपलिंग करने, रेट्रो साइलेंसर लगाने और काली फिल्म लगे वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। अंत में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि कर्तव्यों के प्रति शिथिलता बरतने वालों को चेतावनी देते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए।



