Breaking News

प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार कर रही कारगर पहल : मुख्यमंत्री धामी

Share

प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार कर रही कारगर पहल : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून:  मुख्यमंत्री आवास में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सिडकुल इंटरप्रेन्योर वेलफेयर सोसायटी पंतनगर के प्रतिनिधि मंडल ने भेंट कर राज्य में औद्योगिक वातावरण को मजबूत बनाने के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को सिडकुल की रजत जयंती के सफल आयोजन और उनके नेतृत्व में बन रहे अनुकूल औद्योगिक माहौल के लिए आभार भी जताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने हेतु व्यापक और अनुकूल नीतियों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किच्छा खुरपिया पार्क का विकास, अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक गलियारे का विस्तार और पंतनगर को औद्योगिक दृष्टि से सशक्त करने जैसे कदम उद्यमों को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने पर उधमसिंह नगर उद्योग के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश के आर्थिक और समग्र विकास में सभी की सहभागिता अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट बताया कि राज्य में उद्योगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसी भी स्तर पर गलत कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि किच्छा के पास पंतनगर में 700 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट का निर्माण क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। एयरपोर्ट विस्तार के लिए करीब 900 एकड़ भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में खुरपिया क्षेत्र में 1000 एकड़ में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी अरबों के निवेश व हजारों रोजगार के अवसर प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बड़े औद्योगिक घरानों की निवेश रुचि बढ़ी है और सरकार पूरी गंभीरता से ऐसे उद्यमों को राज्य में स्थापित कराने के प्रयास कर रही है। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी कार्यक्रम में गुलदस्ता देने के बजाय पुस्तक भेंट करने की परंपरा को आगे बढ़ाएं ताकि समाज में पुस्तकों के प्रति रुझान बढ़ सके।

भेंट के दौरान सोसायटी के अध्यक्ष धर सिन्हा, संरक्षक अजय तिवारी, महामंत्री गौरव हरीश, विनीत शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


Share
error: Content is protected !!