Breaking News

बाजपुर में राज्यपाल का सन्देश—‘ऐसे सपने देखें जो भारत को आगे बढ़ाएँ

बाजपुर: रिवरडेल इंटरनेशनल स्कूल के रजत जयंती वर्ष पर आयोजित भव्य समारोह में महामहिम राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर विद्यालय परिवार को 25 वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने हैलीपैड पर पहुँचने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा व मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी द्वारा पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत स्वीकार किया। इसके बाद राज्यपाल ने फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

राज्यपाल ने कहा कि हिमालय की पवित्र तलहटी में स्थित देवभूमि के इस शिक्षा-धाम में उपस्थित होना उनके लिए गौरव और आनंद का क्षण है। उन्होंने रिवरडेल परिवार, विद्यार्थियों, अभिभावकों व शिक्षकों को रजत जयंती की बधाई देते हुए विद्यालय की 25 वर्ष की यात्रा को उत्कृष्टता, अनुशासन, समर्पण और दूरदर्शिता से भरी प्रेरक यात्रा बताया।

Advertisement

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की विभिन्न प्रस्तुतियों—नर्सरी के बच्चों की मासूम प्रस्तुति, एलकेजी के किड्स की रैटल ड्रिल, यूकेजी का पोम-पोम शो, बटरफ्लाई डांस, चाइनीज डांस, हॉकी व फ्लावर ड्रिल तथा जिमनास्टिक—ने विद्यालय की सुदृढ़ संस्कृति, मेहनत और अनुशासन की झलक प्रस्तुत की। राज्यपाल ने कहा कि इन प्रस्तुतियों ने उन्हें अपने बचपन और स्कूली दिनों की याद दिला दी।

महामहिम ने कहा कि अनुशासन, समय का सम्मान और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही जीवन को सफल बनाते हैं और रिवरडेल के छात्र इन मूल्यों से प्रेरित होकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि जनपद का नाम शहीद उधम सिंह के नाम पर होने से यहाँ के बच्चों में स्वाभाविक रूप से राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यभाव की भावना प्रबल होती है।

उन्होंने विद्यालय की आधुनिक संरचना—सौर ऊर्जा संचालित परिसर, स्विमिंग पूल, ट्रैफिक पार्क, शूटिंग रेंज, एनसीसी इकाई, रोबोटिक्स लैब, मैथ लैब, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएँ, वनस्पति उद्यान व विशाल सभागार—की सराहना करते हुए कहा कि रिवरडेल केवल स्कूल नहीं, बल्कि भविष्य की प्रयोगशाला है। राज्यपाल ने विद्यालय के संस्थापक विजन और प्रबंधन समिति के योगदान की भी प्रशंसा की।

तकनीक व नवाचार पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और डिजिटल दक्षता आने वाले समय की अनिवार्य जरूरतें हैं और छात्र “विजन 2025” जैसे अभियानों में सक्रिय होकर राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे ऐसे सपने देखें जो पूरे भारत को आगे बढ़ाएँ और हर कदम पर राष्ट्रहित को प्राथमिकता दें।

शिक्षकों को संबोधित करते हुए महामहिम ने कहा कि वे केवल ज्ञान के वाहक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माता हैं। नई तकनीक, नई पद्धतियों और मित्रवत संबंधों के साथ छात्रों के समग्र विकास पर जोर देना समय की मांग है।

रजत जयंती अवसर पर राज्यपाल ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों और छात्रों को 25 वर्षों की उत्कृष्ट यात्रा के लिए धन्यवाद दिया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य परमीन कौर, अध्यक्ष हरमिंदर सिंह बराड़, सचिव जेपी सिधू, पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार, हरेन्द्र सिंह लाडी, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा, अभय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.