Breaking News

जनभावनाओं का सम्मान ही मेरा संकल्पः विकास शर्मा

Share

जनभावनाओं का सम्मान ही मेरा संकल्पः विकास शर्मा

– महापौर ने किया नैनीताल हाईवे से होली चौक तक नाला निर्माण का शिलान्यास

 

 

रूद्रपुर। वार्ड नं. 38 आवास विकास दशमेशनगर रोड के दोनों ओर नैनीताल हाईवे से होली चौक तक नाला निर्माण कार्य का महापौर विकास शर्मा ने शिलान्यास किया। उन्होंने परंपरा के अनुसार नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे जिन्होंने महापौर का माल्यार्पण कर स्वागत किया और क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने के लिए उनका आभार जताया।

 

शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को सम्बोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करना ही नगर निगम की प्राथमिकता है, साथ ही रुद्रपुर को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर व्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में भी लगातार काम हो रहा है। उन्होंने कहा पिछले करीब सात माह के कार्यकाल में हमने एक-एक दिन जनता को समर्पित किया है। परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। दशमेशनगर मार्ग पर नाला निर्माण न होने से वर्षों से जल निकासी की समस्या बनी हुई थी। क्षेत्रवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए नगर निगम ने इस नाले का निर्माण सुनिश्चित किया है। अब लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और जल निकासी व्यवस्थित होगी।

 

महापौर ने आगे कहा कि इस मार्ग पर अतिक्रमण भी बड़ी समस्या थी। शिकायत मिलने पर पिछले दिनों नगर निगम प्रशासन ने सड़क पर लगे होर्डिंग्स व ठेलों को पहले ही हटवा दिया है और भविष्य में भी इस पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में शहर के विकास के लिए कई योजनाओं पर काम चल रहा है। आने वाले समय में शहरवासियों को कई विकास योजनाओं की सौगात मिलने वाली है।

 

वर्तमान में त्योहारों को देखते हुए हमारा फोकस शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्त करने पर है। नैनीताल हाईवे चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो चुका है, जल्द ही काशीपुर बाईपास मार्ग समेत शहर की अन्य प्रमुख सड़कों का भी चौड़ीकरण प्रस्तावित है। इसके सर्वे की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हमारा सपना है कि रुद्रपुर भी इंदौर की तर्ज पर स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित हो। इसके लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। नगर निगम और शहर के नागरिक मिलकर ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बना सकते हैं।

 

महापौर ने यह भी बताया कि नगर निगम निकट भविष्य में स्मार्ट ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत हाईटेक सिस्टम से शहर के यातायात की निगरानी होगी और नियम तोड़ने वालों के चालान ऑटोमैटिक ऑनलाइन कटेंगे। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

 

वार्ड के पार्षद राजेश जग्गा ने इस मौके पर महापौर विकास शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि महापौर की तत्पर कार्यशैली और जनभावनाओं के सम्मान के कारण आज रुद्रपुर महानगर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। सिर्फ सात माह के छोटे से कार्यकाल में महापौर ने कई योजनाओं को धरातल पर उतारा है। आने वाले समय में और भी बड़ी योजनाएं मूर्त रूप लेंगी। शहर की जनता को अब हर दिन विकास के नए आयाम देखने को मिल रहे हैं।

 

शिलान्यास समारोह में बड़ी संख्या में नागरिक व गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनमें राजेश कामरा, मानस जायसवाल, मोर सिंह, विजय तोमर, राधेश शर्मा, मानवेन्द्र सिंह, नरेश उप्रेती, अगम अग्रवाल, विश्वनाथ शर्मा, आशा मुंजाल, प्रेमलता सिंह, मोहित चड्डा, हरजीत राठी, जेके शर्मा, राजेश अरोरा सहित कई लोग शामिल रहे।


Share
error: Content is protected !!