रॉंग साइड चलाया वाहन तो अब सीधे मुकदमा ,एसएसपी अजय गणपति की ऐतिहासिक सख्ती

रुद्रपुर। सड़क पर रॉंग साइड वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ ऊधमसिंहनगर पुलिस ने अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति के कड़े निर्देशों के बाद पहली बार केवल चालान नहीं बल्कि सीधे मुकदमा दर्ज करने की ऐतिहासिक कार्यवाही की गई है।
28 मई 2026 को पंतनगर पुलिस ने रॉंग साइड में भारी वाहन दौड़ाकर सड़क सुरक्षा को खतरे में डालने वाले दो चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 एवं मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184(E) के तहत मुकदमे दर्ज किए। पुलिस की इस कार्रवाई से लापरवाह वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार हल्द्वानी मोड़ टाण्डा तिराहे पर देर रात चेकिंग अभियान के दौरान एक डंपर संख्या UK04CB-3220 विपरीत दिशा से तेज गति और खतरनाक तरीके से आता दिखाई दिया। चालक की लापरवाही से सड़क पर बड़ा हादसा होने की आशंका बन गई थी। पुलिस टीम ने तत्काल वाहन को रोककर चालक मोहित सिंह निवासी खेड़ा कुंवरपुर, थाना काठगोदाम, जिला नैनीताल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
इसी तरह दूसरे मामले में टिप्पर संख्या UK04CB-1076 भी रॉंग साइड से तेज रफ्तार में आता मिला। वाहन चालक पवन सिंह निवासी बिन्दुखत्ता, इन्द्रा नगर-01, थाना लालकुआं, जिला नैनीताल द्वारा यातायात नियमों की खुलेआम अवहेलना करते हुए अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान जोखिम में डाली जा रही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि रॉंग साइड वाहन चलाना केवल नियम तोड़ना नहीं बल्कि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ है। अब ऐसे मामलों में केवल चालान नहीं बल्कि कठोर कानूनी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नन्दन सिंह रावत, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, उपनिरीक्षक पंकज सिंह महर, कांस्टेबल राजेन्द्र मेहरा और कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह शामिल रहे।

