Breaking News

ऊपर गांधी जी… नीचे Children Bank— 4.54 करोड़ के नकली नोटों संग दो गिरफ्तार

Share

ऊपर गांधी जी… नीचे Children Bank— 4.54 करोड़ के नकली नोटों संग दो गिरफ्तार

 

गदरपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नकली नोटों के बड़े खेल का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के असली और नकली नोट बरामद किए हैं। बरामद नोटों में कई गड्डियां ऐसी मिलीं जिनमें ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे “Children Bank of India” अंकित नकली नोट रखे गए थे। इस कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा अपराध एवं आर्थिक अपराधों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” संकल्प के तहत चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत गदरपुर पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार कोतवाली गदरपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ व्यक्ति भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकली और असली नोट बरामद किए। जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा लोगों को धोखा देने के लिए नोटों की गड्डियों में ऊपर असली नोट और नीचे नकली नोट लगाए गए थे। कई गड्डियों पर “Children Bank of India” अंकित था। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला बड़े स्तर पर नकली नोटों को खपाने और आर्थिक अपराध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने इस मामले में कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि यह नकली नोट कहां से लाए गए, किन लोगों के माध्यम से सप्लाई हो रही थी और इन्हें किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी। साथ ही संभावित गिरोह और अन्य आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी केशव नगर बाजपुर तथा मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी पंचपुरी कोपा गूलरभोज गदरपुर शामिल हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में आर्थिक अपराध, नकली नोट, नशा और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी सतर्कता और पेशेवर दक्षता के साथ अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में SHO भूपेन्द्र सिंह बृजवाल, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह खड़ायत, उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, हेड कांस्टेबल जगवीर सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।


Share
error: Content is protected !!