Breaking News

नानकसागर डैम में युवक से लूट और अप्राकृतिक कृत्य, मुख्य आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार

Share

नानकसागर डैम में युवक से लूट और अप्राकृतिक कृत्य, मुख्य आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार

पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने लगा बदमाश, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; तमंचा, कारतूस, लूटा पर्स व बाइक बरामद

नानकमत्ता। नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक से लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित को नानकमत्ता पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नानकमत्ता पुलिस छह-सात अगस्त की रात वांछित आरोपित गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी बेरीघाट, खटीमा की तलाश में चेकिंग और गश्त कर रही थी। प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम मच्छी झाला के समीप डैम बंधे पर पहुंची तो एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो करीब दो किलोमीटर आगे गलाबाग के पास कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद आरोपित पैदल भागकर झाड़ियों में छिप गया और वहां से दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। पुलिस के मुताबिक, कई बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी देने के बावजूद आरोपित ने फायरिंग जारी रखी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आई पांच अगस्त की वारदात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गुरप्रीत ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह निवासी झनकट और मनोज भाटिया निवासी बानूसी के साथ मिलकर पांच अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटी थी। आरोप है कि युवक के साथ अप्राकृतिक कृत्य भी किया गया। घटना के बाद से गुरप्रीत गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 109(1), 317(2), 3(5) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। घटना में शामिल दीपक सिंह और मनोज भाटिया को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
तमंचे से लेकर लूटा पर्स तक बरामद
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा लूटा गया भूरे रंग का पर्स, 1,220 रुपये भारतीय मुद्रा, 30 रुपये नेपाली मुद्रा, एक्सिस बैंक का एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल और पासपोर्ट साइज फोटो भी बरामद हुई है। घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उप निरीक्षक राजेंद्र पंत, उप निरीक्षक मनोज जोशी, हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल मोहम्मद इमरान, कांस्टेबल नवीन जोशी और चालक कांस्टेबल नरेंद्र बोरा शामिल रहे।


Share
error: Content is protected !!