नानकमत्ता में 28.74 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, 8.70 लाख की हेरोइन बरामद

रुद्रपुर/नानकमत्ता: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नानकमत्ता पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 28.74 ग्राम शुद्ध स्मैक (हेरोइन) और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 8.70 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को क्षेत्राधिकारी खटीमा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सोनू सिंह (21 वर्ष) पुत्र तारा सिंह निवासी ज्ञानपुर गोढ़ी, कोतवाली नानकमत्ता को हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूके06बीजी-9267) सहित रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से 28.74 ग्राम शुद्ध स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ कोतवाली नानकमत्ता में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि नानकमत्ता क्षेत्र में स्मैक तस्करी और नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उपनिरीक्षक मनोज जोशी, उपनिरीक्षक नवल किशोर, कांस्टेबल श्याम सिंह थापा और कांस्टेबल नवीन जोशी शामिल रहे।

