भैंस चोरी से टूटा सब्र: गदरपुर कोतवाली में पशुपालक ने खाया जहर, पुलिस की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल

गदरपुर । गदरपुर थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के मामले को लेकर एक पशुपालक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तीन भैंस चोरी होने के बाद पुलिस कार्रवाई से नाराज पशुपालक राजेंद्र सिंह ने मंगलवार सुबह गदरपुर कोतवाली परिसर में पुलिसकर्मियों के सामने ही जहरीला पदार्थ खा लिया और मौके पर बेहोश होकर गिर पड़ा।
जानकारी के अनुसार गांव बमनपुरी निवासी राजेंद्र सिंह की कुछ दिन पूर्व तीन भैंस चोरी हो गई थीं। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी और वाहन बरामदगी का दावा किया था, लेकिन पीड़ित अपनी भैंसों की बरामदगी न होने और पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं था। उसने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत भेजी थी।
राजेंद्र सिंह का आरोप था कि मामले में कुछ पुलिसकर्मी उस पर समझौते का दबाव बना रहे हैं और उसके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया। इसी नाराजगी के चलते वह मंगलवार सुबह करीब 10 बजे कोतवाली पहुंचा और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बातचीत के दौरान उसने अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया और जमीन पर गिर पड़ा।
घटना होते ही कोतवाली परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
कोतवाली परिसर में हुई इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और भैंस चोरी मामले की जांच को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

