पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों का संयुक्त धावा, अवैध खनन पर एसएसपी अजय गणपति का बड़ा प्रहार

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के अपराधमुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी ) अजय गणपति के निर्देश पर जनपद ऊधम सिंह नगर में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। बाजपुर सर्किल क्षेत्र में पुलिस, पीएसी एवं अर्द्धसैनिक बलों की संयुक्त टीमों ने विभिन्न खनन क्षेत्रों, घाटों और जंगलों में सघन चेकिंग कर खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया।
अभियान के तहत बाजपुर पुलिस ने गौ घाट, प्रधान घाट, बाजार घाट सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और चेकिंग की। वहीं गदरपुर पुलिस ने गूलरभोज एवं मोहाली जंगल क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। केलाखेड़ा पुलिस ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों की सघन जांच की।
अर्द्धसैनिक बलों के जवानों ने खनन क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया। इस दौरान खनन सामग्री से भरे ट्रकों और डंपरों के रॉयल्टी दस्तावेजों एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई।
पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर पट्टी चौकी क्षेत्र में लगभग 40 से 45 वाहनों तथा बन्नाखेड़ा चौकी क्षेत्र में 25 वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान किसी भी वाहन में अवैध उपखनिज नहीं पाया गया तथा सभी वाहनों के पास वैध रॉयल्टी दस्तावेज उपलब्ध मिले।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।

