नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, चार गिरफ्तार
24.43 ग्राम स्मैक बरामद, 15 लाख रुपये से अधिक कीमत का दावा—दो महिलाएं और दो पुरुष गिरफ्तार
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के तीन थाना क्षेत्रों से चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। इनके कब्जे से कुल 24.43 ग्राम शुद्ध वजन की स्मैक/हेरोइन, 4,200 रुपये नकद, एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने बरामद स्मैक की कीमत 15 लाख रुपये से अधिक आंकी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत नानकमत्ता, आईटीआई और काशीपुर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई की।
नानकमत्ता में दो महिला तस्कर गिरफ्तार
कोतवाली नानकमत्ता और चौकी प्रतापपुर पुलिस ने कृष्णा कौर (38) निवासी ग्राम कौंदाखेड़ा और संदीप कौर (20) निवासी ग्राम जोगीठेर, प्रतापपुर नंबर-7 को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों के कब्जे से क्रमश: 5.56 ग्राम और 6.45 ग्राम शुद्ध वजन की स्मैक बरामद हुई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आईटीआई पुलिस ने बाइक सवार को दबोचा
कोतवाली आईटीआई पुलिस ने कचनाल गुसाई रोड स्थित आईआईएम छात्रावास गेट के पास चेकिंग के दौरान प्रेम सिंह (32) निवासी दभौराएहतमाली, मुकंदपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 4.87 ग्राम शुद्ध वजन की स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस बाइक और वीवो की-पैड मोबाइल भी कब्जे में लिया है।
काशीपुर में 12.42 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तारी
काशीपुर पुलिस ने अंसार कॉलोनी के पास बांसफोड़ान क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मोहल्ला अल्ली खां निवासी जुनैद उर्फ कुंजा (34) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 12.42 ग्राम स्मैक और बिक्री के 4,200 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। ऑपरेशन प्रहार के तहत हुई इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी चोट माना जा रहा है।



