Breaking News

खेल, जुनून और जीत… डोजो जू-जित्सु प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने मचाया धमाल

Share

खेल, जुनून और जीत… डोजो जू-जित्सु प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने मचाया धमाल

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रूद्रपुर: जिला जु-जित्सू एसोसिएशन एवं ऋषि मार्शल आर्ट्स एकेडमी, किच्छा के सौजन्य से सोमवार को नालंदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, किच्छा के ऑडिटोरियम में एक दिवसीय डोजो जू-जित्सु प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रूद्रपुर शहर के विभिन्न स्कूलों एवं एकेडमियों से लगभग 60 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपने हुनर का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. मृदुला किशोर, प्रिंसिपल डॉ. ब्रजेश कुमार दुबे, जिला जु-जित्सू एसोसिएशन के महासचिव सिहान ऋषि पाल भारती एवं कोच रूनू शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस अवसर पर महासचिव सिहान ऋषि पाल भारती ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि जू-जित्सु खेल युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. मृदुला किशोर ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं और नालंदा स्कूल सदैव खेल गतिविधियों को बढ़ावा देता आया है। वहीं प्रिंसिपल डॉ. ब्रजेश कुमार दुबे ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।
कार्यक्रम आयोजक एवं सीनियर कोच रूनू शर्मा ने बताया कि नालंदा स्कूल में पिछले कई वर्षों से मार्शल आर्ट्स का नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ी जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर विद्यालय और जिले का नाम रोशन कर चुके हैं।
प्रतियोगिता सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर आयुवर्ग के विभिन्न भार वर्गों में आयोजित की गई। बालिका वर्ग में अनुप्रीत कौर, हिना अंसारी, शिवाशी चंद, नैनिका कोराली एवं बबीता अधिकारी ने स्वर्ण पदक जीते। अदिति, वैष्णवी बहेल, पल्लवी यादव, पल्लवी रॉय एवं सिम्मी रावत ने रजत पदक प्राप्त किए, जबकि जसप्रीत कौर, श्रुति गराड़े, हेमा लोहनी, पायल पुंडीर, जायना बी, रितिका भंडारी, अलीजा अंसारी एवं सुधा ने कांस्य पदक हासिल किए।
बालक वर्ग में समर्थ दानु, पार्थ शाह, समद, मयंक दानू एवं अभिनव ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। अभियांक्ष गंगवार, अनंत उप्रेती, उत्कृष्ट, पंकज कुमार एवं प्रतीक कुमार ने रजत पदक जीते, जबकि भारत मिश्रा, अंश कुमार, ध्रुव, वंश कर्का, माधव शर्मा एवं धीरज कुमार ने कांस्य पदक प्राप्त किए।
प्रतियोगिता में निर्णायक एवं ऑफिशियल की भूमिका वंश विष्ट और मिंकु ठाकुर ने निभाई। समापन अवसर पर विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल एवं शिक्षकों ने विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और पदक पहनाकर सम्मानित किया। अंत में सीनियर कोच रूनू शर्मा ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, कोचों, अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।


Share
error: Content is protected !!