Breaking News

रेलवे पटरी किनारे बोरे में मिला महिला का सड़ा-गला शव, टैटू और मोबाइल से मिल सकती है पहचान का सुराग

खटीमा:  रविवार सुबह शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब मंडी समिति के पीछे रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में प्लास्टिक के बोरे में एक महिला का सड़ा-गला शव मिला। दुर्गंध फैलने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरे की तलाशी ली तो अंदर महिला का शव मिला जिसकी हालत इतनी खराब थी कि पहचान नहीं हो सकी।

महिला के दाहिने हाथ की उंगलियों पर अंग्रेजी में ‘आनंद’ और कोहनी पर ‘आनंद लव्स’ टैटू अंकित पाए गए, जिनसे पुलिस को किसी संबंध का सुराग मिलने की उम्मीद है। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसकी कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं ताकि मृतका की पहचान और वारदात की सच्चाई तक पहुंचा जा सके।

फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और बोरे समेत आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की। पुलिस का अनुमान है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को यहां बोरे में फेंका गया है। फिलहाल शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डेटा के विश्लेषण के बाद ही मौत के कारणों और आरोपितों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.