लालपुर स्थित स्वचालित परीक्षण केंद्र का औचक निरीक्षण, रिफ्लेक्टिव टेप, शुल्क सूची और फिटनेस मानकों में लापरवाही पर परिवहन विभाग सख्त

रुद्रपुर : संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) हल्द्वानी गुरदेव सिंह द्वारा लालपुर स्थित स्वचालित परीक्षण केंद्र (एटीएस) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) ऊधम सिंह नगर मोहित कोठारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कई वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप नहीं पाया गया, जिस पर अधिकारियों ने रात्रि एवं कोहरे के समय दुर्घटनाओं की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि केंद्र पर संशोधित निरीक्षण शुल्क की सूची प्रदर्शित नहीं है। इस पर एटीएस इंचार्ज को केंद्र के अंदर व बाहर संशोधित शुल्क सूची चस्पा करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने से पूर्व टायर, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, लाइट, इंडिकेटर सहित सभी तकनीकी बिंदुओं की जांच अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही, वाहनों के फोटो अपलोड करते समय बैक साइड फोटो अपलोड करना अनिवार्य करने के निर्देश भी केंद्र संचालक को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान केंद्र पर की गई फिटनेस की जानकारी प्राप्त की गई, सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण, कार्यरत कार्मिकों की जानकारी तथा उपस्थिति की जांच भी की गई।
इसके अतिरिक्त, केंद्र संचालक को वाहन स्वामियों एवं चालकों के बैठने की उचित व्यवस्था, पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
संभागीय परिवहन अधिकारी श्री गुरदेव सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि
“सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। फिटनेस प्रमाण पत्र केवल पूर्ण रूप से योग्य वाहनों को ही जारी किया जाएगा।”

