Breaking News

तलवार से दहशत, हत्या की साजिश और वायरल वीडियो—एसएसपी के एक्शन से आरोपी गिरफ्तार

Share

तलवार से दहशत, हत्या की साजिश और वायरल वीडियो—एसएसपी के एक्शन से आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। सोशल मीडिया पर तलवार लहराकर दहशत फैलाने और वाहन में तोड़फोड़ करने का वीडियो वायरल होने के बाद रुद्रपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद की है। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस ने एक जून को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जांच में पता चला कि घटना रम्पुरा चौकी क्षेत्र के प्रीत विहार की है। यहां पारिवारिक विवाद के चलते रेशमबाड़ी निवासी कादिर तलवार लेकर अपने रिश्तेदार रेहान के घर पहुंचा था। आरोप है कि वह रेहान पर जानलेवा हमला करने की नीयत से आया था, लेकिन सीसीटीवी कैमरे में दिखाई देने के कारण घर का गेट नहीं खोला गया।
इससे नाराज होकर आरोपी ने घर के बाहर खड़ी कार पर तलवार से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और क्षेत्र में दहशत फैलाते हुए फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस को तीन जून को सूचना मिली कि आरोपी फिर से तलवार लेकर ब्लॉक रोड क्षेत्र में घूम रहा है और पीड़ित की तलाश कर रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलवार बरामद होने के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कादिर पुत्र शब्बीर निवासी वार्ड नंबर 13, रेशमबाड़ी, रुद्रपुर के रूप में हुई है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को चुनौती देने और आमजन में भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों के विरुद्ध पुलिस पूरी सख्ती और प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई कर रही है।

 


Share
error: Content is protected !!