नशीली दवाओं के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार

रुद्रपुर/किच्छा: जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किच्छा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बंदिया क्षेत्र की सरदारों वाली गली में छापेमारी कर महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 594 प्रतिबंधित नशीली गोलियां और नशे के कारोबार से अर्जित ₹35,300 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 16 मई 2025 को पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर व क्षेत्राधिकारी सितारगंज के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक किच्छा के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बंदिया क्षेत्र स्थित सरदारों वाली गली से विरेंद्र पुत्र स्व. कुलवंत सिंह निवासी वार्ड नंबर-5 बंदिया, उम्र 32 वर्ष तथा जसवीर कौर पत्नी स्व. सतीश कुमार निवासी वार्ड नंबर-5 बंदिया, उम्र 50 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से 594 प्रतिबंधित BUPRENORPHINE AND NALOXONE TABLETS तथा ₹35,300 नगद बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि बरामद नकदी नशीली दवाओं की बिक्री से अर्जित की गई थी।
दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली किच्छा में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी, उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दीपक जोशी, कांस्टेबल देवराज, कांस्टेबल हरेंद्र धामी और महिला कांस्टेबल रेखा आर्य शामिल रहे।

