ऑपरेशन प्रहार में बड़ी कामयाबी: 35 लाख की स्मैक संग शातिर तस्कर गिरफ्तार
सितारगंज। उधम सिंह नगर पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सितारगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 119 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस टीम अमरिया चौराहे के पास रुद्रपुर-सितारगंज हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने शाबाद हुसैन निवासी बाईपास कॉलोनी, सितारगंज को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 119 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक बहेड़ी, बरेली निवासी अपने साथी नदीम से लेकर आया था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी शादाब पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ सितारगंज कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
बरामदगी
119 ग्राम स्मैक
एक मोटरसाइकिल
कार्रवाई करने वाली टीम
एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, प्रभारी निरीक्षक सुन्दरम शर्मा, उपनिरीक्षक जगदीश तिवारी, उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही सहित एएनटीएफ व सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम।


