मॉल-हॉस्पिटल के बाहर खड़ी गाड़ियों पर रखते थे नजर, 2 शिक्षित युवक निकले बाइक चोर

रुद्रपुर: एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पंतनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी समेत कुल 7 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान भोला सरकार निवासी ठाकुरनगर ट्रांजिट कैंप और विक्की विश्वास निवासी खेड़ा रुद्रपुर के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 22 वर्ष बताई गई है। आरोपियों को सिडकुल सिटी पार्क के बाहर से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि उन्होंने शीघ्र पैसा कमाने के लालच में मेट्रोपोलिस मॉल, जिला चिकित्सालय रुद्रपुर समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। हालांकि वाहन बेचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
हैरानी की बात यह रही कि दोनों आरोपी शिक्षित हैं। एक आरोपी भोला सरकार मेडिसिटी हॉस्पिटल से रेडियोलॉजी में ग्रेजुएशन कर रहा है, जबकि दूसरा आरोपी विक्की विश्वास रुद्रपुर की एक पैथोलॉजी लैब में कार्यरत है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से होंडा एक्टिवा, होंडा शाइन, हीरो HF डीलक्स, होंडा ड्रीम नियो और स्प्लेंडर समेत कुल सात वाहन बरामद किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

