Breaking News

वारंटी छुड़ाने के लिए पुलिस पर हमला, सास-बहू गिरफ्तार

Share

वारंटी छुड़ाने के लिए पुलिस पर हमला, सास-बहू गिरफ्तार

रुद्रपुर/जसपुर: गैर जमानती वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी की मां और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह समेत पांच लोग अभी फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जसपुर निवासी सुखविंदर सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम के मामले में न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। शुक्रवार रात पुलिस टीम वारंट तामील कराने उसके घर पहुंची थी।
पुलिस के मुताबिक, उपनिरीक्षक गोविंद सिंह मेहता और कांस्टेबल सुभाष डुंगरियाल ने आरोपी सुखविंदर सिंह को उसके घर के आंगन से पकड़ लिया। इसी दौरान आरोपी ने शोर मचाकर अपने परिजनों और रिश्तेदारों को मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि परिवार के लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया और गिरफ्तारी का विरोध शुरू कर दिया। कुछ लोगों के हाथों में लाठी-डंडे और पाठल थे। इसी दौरान शीलो कौर ने पुलिसकर्मी के हाथ से वारंट छीनने का प्रयास किया, जिससे वारंट फट गया।
पुलिस का आरोप है कि इसके बाद सभी आरोपियों ने एकजुट होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। संदीप सिंह ने पाठल से जानलेवा वार किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचा लिया।
घटना के बाद उधम सिंह नगर पुलिस ने बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शीलो कौर और मंजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह, मंगत सिंह, संदीप सिंह, राजू सिंह और जगपाल सिंह उर्फ जस्सा की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन पोस्ट डालकर पुलिस की छवि खराब करने वालों को भी चेतावनी दी है।


Share
error: Content is protected !!