आपदा से जंग के लिए ऊधम सिंह नगर तैयार, डीएम ने तहसीलों-एसडीआरएफ को सौंपे हाईटेक रेस्क्यू उपकरण

रुद्रपुर। जिले में आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्यों को तेज और प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने विभिन्न विभागों और तहसीलों को आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरण वितरित किए। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज व खटीमा तहसीलों के अलावा एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन विभाग को आवश्यकता के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए गए।
वितरित उपकरणों में मिनी ड्रोन कैमरा, राफ्ट, वॉकी-टॉकी, सर्च लाइट, मेगाफोन, रेस्क्यू थ्रो बैग, बैटरी व पेट्रोल संचालित कटर, गैस डिटेक्टर, फुल फेस मास्क और रेस्पिरेटर (गैस मास्क) शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन उपकरणों से बाढ़, जलभराव, अग्निकांड, सड़क दुर्घटना और गैस रिसाव जैसी आपदाओं में त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और सुरक्षित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित होंगे। इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया, एसडीआरएफ प्रभारी अर्जुन बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


