सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, नेहा शर्मा ने जताया जान का खतरा
एसएसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार, मकान खाली नहीं करने पर जान से मारने की धमकी का आरोप

रुद्रपुर। नीलकंठ विहार कॉलोनी, लालपुर निवासी नेहा शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद अपनी जान को खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर से सुरक्षा की गुहार लगाई है। नेहा शर्मा का आरोप है कि पारिवारिक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद के बीच उसे लगातार डराया-धमकाया जा रहा है और मकान खाली करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर मकान खाली करने की धमकी दी तथा ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी।
नेहा के अनुसार उसके पिता स्व. दिनेश शर्मा ने जीवनकाल में खेत संख्या 237 मि., रकबा 0.0155 हेक्टेयर भूमि पर प्लॉट उसकी मां श्रीमती अनीता के नाम खरीदा था। पिता का निधन छह जून 2021 को हो चुका है। नेहा का कहना है कि वह लगातार उक्त मकान में रह रही है।
प्रार्थिनी के मुताबिक पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां ने पुष्पेंद्र झा उर्फ लालू के साथ विवाह कर लिया और वर्तमान में उसके साथ रह रही हैं। नेहा का आरोप है कि उसकी मां और सौतेले पिता सहित कुछ अन्य लोग मकान को बेचने का प्रयास कर रहे हैं तथा उसे मकान से बाहर निकालने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
इसी संपत्ति विवाद को लेकर नेहा शर्मा बनाम श्रीमती अनीता आदि सिविल जज सीनियर डिवीजन, रुद्रपुर की अदालत में दाखिल किया है, जो वर्तमान में विचाराधीन बताया गया है। नेहा का आरोप है कि मुकदमा विचाराधीन होने के बावजूद उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं।
‘मकान खाली करो, वरना जान से मार देंगे’
नेहा के मुताबिक 30 अगस्त की रात अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर मकान खाली करने की धमकी दी। आरोप है कि फोन करने वाले ने मकान खाली नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। इससे भयभीत नेहा ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
नेहा का कहना है कि उसने लालपुर पुलिस चौकी और थाना किच्छा पुलिस को मामले की जानकारी दी, लेकिन उसके अनुसार अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद उसने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने और धमकी देने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
नेहा ने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि वह अकेली है और उसके पास उक्त मकान के अलावा रहने का कोई अन्य सहारा नहीं है। उसे आशंका है कि आरोपी कभी भी उसके साथ कोई गंभीर वारदात कर सकते हैं। मामले में अब पुलिस कार्रवाई और नेहा को सुरक्षा मिलने का इंतजार है।


