तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर घायल
रुद्रपुर: काशीपुर हाईवे पर महतोष मोड़ के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने स्कूटी सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वार थाना क्षेत्र के बाल्मीकि मोहल्ला निवासी विकास बाल्मीकि (26 वर्ष) अपने साथी रजत बाल्मीकि (27 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 2 अंबेडकर पार्क गदरपुर, के साथ स्कूटी से जा रहे थे। जैसे ही वे महतोष मोड़ के पास पहुंचे, एक कंटेनर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में विकास की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि रजत गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है।



