Breaking News

Share

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी। परिवहन विभाग की सतर्कता और जांच अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने हाल ही में एक बिना नंबर प्लेट वाले ई-रिक्शा को पकड़ा, जो जांच में दिल्ली से चोरी हुआ निकला। आरटीओ प्रशासन संदीप सिंह ने बताया कि सितंबर 2024 में चलाए गए अभियान के दौरान यह ई-रिक्शा पकड़ा गया था। दस्तावेजों की जांच के लिए रोके गए इस रिक्शा का चालक मौके से फरार हो गया था प्रवर्तन टीम ने रिक्शा का चेसिस नंबर जांचने के बाद चालान किया और इसे ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किया। इसी दौरान, असली मालिक को चालान का मैसेज मिला, जिससे पता चला कि यह रिक्शा दिल्ली से चोरी हुआ था। रिक्शा का मालिक वाहन छुड़वाने के लिए दिल्ली पुलिस की टीम के साथ हल्द्वानी आरटीओ पहुंचा और वाहन सुपुर्द करने की मांग की। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि कोर्ट का आदेश मिलने के बाद ही वाहन सौंपा जाएगा। आरटीओ सैनी ने कहा कि विभाग का उद्देश्य है कि सभी वाहन और उनके चालक सत्यापित हों और सभी दस्तावेज वैध हों। परिवहन विभाग वर्तमान में ई-रिक्शा और ऑटो चालकों का सत्यापन अभियान चला रहा है। विभाग ने सत्यापन के लिए चार दिन का अतिरिक्त समय दिया है और चेतावनी दी है कि सत्यापन के दौरान अगर चोरी या अनियमितताओं का पता चलता है, तो दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य सड़क पर केवल वैध और सुरक्षित वाहनों का संचालन सुनिश्चित करना है।


Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!