Breaking News

अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर छापा: 8 में से 3 को नोटिस, मचा हड़कंप

अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर छापा: 8 में से 3 को नोटिस, मचा हड़कंप

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा ) ऊधम सिंह नगर : जसपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर औचक निरीक्षण कर कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में कुल 08 केंद्रों की जांच की गई, जिसमें 03 केंद्रों को खामियां मिलने पर नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण टीम में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. धीरेन्द्र मोहन गहलोत और पीसीपीएनडीटी कोऑर्डिनेटर प्रदीप मेहर शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले सीएचसी जसपुर के अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण किया, जहां यह सामने आया कि रेडियोलॉजिस्ट द्वारा सप्ताह में केवल एक दिन ही सेवाएं दी जा रही हैं।
इसके बाद टीम ने गर्ग अल्ट्रासाउंड सेंटर, उर्मिला नर्सिंग होम, अरिहंत हॉस्पिटल, गहलोत नर्सिंग होम, किलकारी हॉस्पिटल, परी हॉस्पिटल समेत अन्य केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 05 केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जबकि 03 केंद्रों में रिकॉर्ड व रजिस्टर अपडेट न होने जैसी कमियां सामने आईं।
स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित केंद्रों को 07 कार्यदिवस के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नए पंजीकरण के लिए आवेदन करने वाले एक केंद्र का भी भौतिक सत्यापन किया गया, जो मानकों पर खरा उतरा।
सीएमओ डॉ. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि लिंग अनुपात सुधार और अवैध लिंग जांच पर रोक के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और सख्त की जाएगी तथा जल्द ही अन्य जनपदों के साथ संयुक्त अभियान भी चलाया जाएगा।

Advertisement

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.