रुद्रपुर में नगर निगम दफ्तर में हंगामा: मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे व्यक्ति से मेयर और उनके साथियों पर मारपीट व जातिसूचक गाली देने के आरोप

(ख़बरीलाल खोज)मनीश बावा, रुद्रपुर : शहर के नगर निगम कार्यालय में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे एक व्यक्ति ने मेयर और अन्य लोगों पर मारपीट व अभद्रता के आरोप लगाए हैं। मामले ने तूल पकड़ लिया है,
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रम्पुरा वार्ड नंबर-22 निवासी रघुवीर अपनी पत्नी के निधन के बाद उनका मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 22 अप्रैल को नगर निगम के जन्म-मृत्यु कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि कार्यालय में मौजूद कर्मचारी ने आवेदन लेने से पहले ही अभद्र व्यवहार किया और काम में देरी की बात कही।
रघुवीर का कहना है कि जब वह इस संबंध में शिकायत करने मेयर विकास शर्मा के कार्यालय पहुंचे, तो वहां स्थिति और बिगड़ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मेयर ने उनके साथ अपशब्दों का प्रयोग किया और कथित रूप से जातिसूचक टिप्पणियां कीं। विरोध करने पर वहां मौजूद वार्ड-28 के पार्षद चिराग कालड़ा सहित अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि उनके साथ हाथापाई कर कपड़े फाड़ दिए गए और मोबाइल फोन से बनाई जा रही वीडियो भी छीनकर डिलीट कर दी गई। घटना के बाद उन्हें कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया।
पीड़ित ने इस पूरे मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस प्रकार का व्यवहार न केवल निंदनीय है, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।
वहीं, इस मामले में नगर निगम प्रशासन या मेयर पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
(नोट: समाचार में लगाए गए आरोप पीड़ित के बयान पर आधारित हैं, जिनकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।)

