रात में घर का ताला तोड़ा, नकदी-जेवर उड़ाए; 15 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
रुद्रपुर। पुराना खेड़ा में घर का ताला तोड़कर नकदी और जेवर चोरी करने के मामले का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल 19 वर्षीय अमन रस्तोगी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से सफेद धातु की एक जोड़ी पायल और 55 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित ने चोरी के जेवर बेचकर नकदी हासिल की थी।
पुराना खेड़ा वार्ड नंबर 19 निवासी नित्यानंद ने 30 अगस्त को कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि रात में अज्ञात चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, कैमरा और करीब 90 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। विवेचना उपनिरीक्षक धीरज टम्टा को सौंपी गई। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर धारा 331 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। मुखबिर की सूचना पर
पुलिस टीम चोरी के माल और आरोपित की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान तीन पानी तिराहे के पास मुखबिर ने एक संदिग्ध युवक के एफएसएल रोड की ओर जाने की सूचना दी। पुलिस ने रात करीब 8:15 बजे युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अमन रस्तोगी पुत्र अशोक रस्तोगी, निवासी कृष्णा कालोनी, वार्ड नंबर दो, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई।
तलाशी में उसके पास से सफेद धातु की एक जोड़ी पायल और 55 हजार रुपये बरामद हुए। विवेचना में सामने आए साक्ष्यों और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धीरज टम्टा, उपनिरीक्षक नरेश पंत, हेड कांस्टेबल राजकुमार सिंह और कांस्टेबल महेंद्र कुमार शामिल रहे।


