रक्षाबंधन पर मिठाई की मिठास पर शक,रुद्रपुर में खाद्य विभाग की छापेमारी,4 सैंपल भरे

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा )रुद्रपुर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने आज रुद्रपुर में सघन छापेमारी अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती आशा आर्या के नेतृत्व में टीम ने इंदिरा चौक, रेशमबाड़ी समेत विभिन्न स्थानों पर होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान टीम ने दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री की व्यवस्था परखी। खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि मानकों की अनदेखी या लापरवाही सामने आने पर संबंधित कारोबारी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
चार खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
जांच अभियान के दौरान विभागीय टीम ने मिठाई, सॉस और स्वीट कॉर्न समेत कुल चार खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों पर खरे नहीं उतरने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिना लाइसेंस कारोबार पर कार्रवाई की चेतावनी
खाद्य कारोबारियों को बिना पंजीकरण अथवा लाइसेंस खाद्य कारोबार न करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संदिग्ध या निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने को कहा गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक खाद्य उत्पाद के बिल पर FSSAI लाइसेंस नंबर अंकित होना अनिवार्य है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि खाद्य एवं पेय पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, उपभोग की अंतिम तिथि और विक्रेता का लाइसेंस जरूर जांचें। मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री की बिक्री की जानकारी होने पर टोल फ्री नंबर 1800-180-4246 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।


