गदरपुर हाईवे पर नशे की खेप पकड़ी, 6.705 किलो डोडे समेत तस्कर गिरफ्तार

रुद्रपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत ऊधमसिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गदरपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक को दबोचकर उसके कब्जे से 6.705 किलोग्राम अवैध डोडा बरामद किया। पुलिस के अनुसार बरामद डोडे की कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 अगस्त को गदरपुर पुलिस की टीम एनएच-74 पर चेकिंग कर रही थी। वन विभाग बैरियर मसीद से करीब 50 मीटर पहले काशीपुर हाईवे पर पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 6.705 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी की पहचान मंगली पुत्र रामभरोसे (30), निवासी ग्राम बिहारीपुर छेमरा, थाना दातागंज, जनपद बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में एफआईआर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के कब्जे से डोडे के अलावा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज पाण्डेय, प्रभारी चौकी महतोष, हेड कांस्टेबल 70 पूरन आर्या और कांस्टेबल 1312 सीपी कुन्दन सिंह शामिल रहे।


