देवस्थलों को निशाना बनाने वालों पर पुलिस का कहर,100 सीसीटीवी खंगालकर किया खुलासा,चोरी का पूरा माल बरामद

काशीपुर : काशीपुर में मंदिरों को निशाना बनाकर आस्था पर चोट पहुंचाने वाले शातिर चोरों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति की प्रभावी रणनीति और ऑपरेशन प्रहार के तहत काशीपुर पुलिस ने तीन मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गया शत-प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार 26 मई की रात नागन शक्ति मंदिर तथा 31 मई की रात नागनाथ मंदिर और गंगे बाबा मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर कोतवाली काशीपुर में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने विशेष पुलिस टीम गठित कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी काशीपुर के निर्देशन में गठित टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
6 जून को पुलिस ने नौगजा पुलिया के पास से तालिब हुसैन को चोरी के माल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों सन्नी और मोईन के साथ मिलकर मंदिरों में चोरी करना तथा चोरी का सामान कबाड़ी जलीश अहमद को बेचना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने जलीश अहमद को उसकी कबाड़ की दुकान से चोरी का माल बरामद करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹15,420 नकद, दो नाग प्रतिमाएं, दो कलश, एक गदा, तीन त्रिशूल, दो धातु के कलश, 17 घंटियां तथा चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी तालिब हुसैन वर्ष 2022 में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। वहीं फरार आरोपी सन्नी और मोईन की तलाश में दबिश दी जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र चौधरी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन बुधानी, चौकी प्रभारी मीना रावत, अपर उपनिरीक्षक प्रकाश बोरा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

