Breaking News

नानकमत्ता को मिली पहली महिला कोतवाल, मंजू पांडे ने संभाली कमान

नानकमत्ता को मिली पहली महिला कोतवाल, मंजू पांडे ने संभाली कमान

नानकमत्ता:  उधम सिंह नगर जनपद की नानकमत्ता कोतवाली में पहली बार एक महिला पुलिस अधिकारी ने कमान संभाली है। नवनियुक्त निरीक्षक मंजू पांडे ने सोमवार को कोतवाली पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण किया। नानकमत्ता थाने को कोतवाली का दर्जा मिलने के बाद यह पहला अवसर है जब किसी महिला अधिकारी को यहाँ का कोतवाल नियुक्त किया गया है। पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए मंजू पांडे ने अपनी कार्ययोजना और प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को नशे के चंगुल से बचाना और नशा तस्करी में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई करना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही उन्होंने नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर भी जोर दिया, ताकि आम जनता को आवाजाही में किसी प्रकार की असुविधा न हो। महिला कोतवाल ने क्षेत्र की जनता से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नशा बेचने वालों के संबंध में पुलिस को निसंकोच सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोतवाली में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को पूरी गंभीरता और प्राथमिकता के साथ सुना जाएगा। विशेष रूप से महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी ताकि क्षेत्र की महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें। कार्यभार संभालने के साथ ही उन्होंने कोतवाली परिसर का भ्रमण किया और वहां स्थित बैरक व पुलिस कर्मियों के लिए निर्माणाधीन आवासों का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Advertisement

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.