किच्छा में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा छापा, पांच क्लीनिक बिना पंजीकरण चलते मिले
नैदानिक स्थापन अधिनियम के तहत औचक कार्रवाई से मचा हड़कंप, सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू

किच्छा। स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को किच्छा क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे क्लीनिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी के निर्देश पर नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम ने पांच क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान किसी भी क्लीनिक के पास वैध पंजीकरण नहीं मिला। कार्रवाई से क्षेत्र में बिना मानकों के संचालित किए जा रहे क्लीनिकों में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नैदानिक स्थापन अधिनियम (क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट) के तहत किच्छा क्षेत्र में संचालित चिकित्सा संस्थानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान गुप्ता डेंटल केयर, गुरुकृपा क्लीनिक, अर्चना क्लीनिक, राहुल क्लीनिक और मित्रा क्लीनिक में वैध पंजीकरण संबंधी दस्तावेज नहीं मिले।
नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि पांचों संस्थानों में बिना वैध पंजीकरण के चिकित्सा सेवाएं संचालित किए जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण चिकित्सा सेवाएं देना नियमों के विपरीत है और संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। बिना पंजीकरण क्लीनिकों पर शिकंजा
सीएमओ डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने स्पष्ट किया कि जिले में बिना पंजीकरण अथवा निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के विपरीत संचालित होने वाले क्लीनिकों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब बिना पंजीकरण संचालित हो रहे अन्य क्लीनिक भी जांच के दायरे में आने की संभावना है।


