किच्छा में अवैध हथियारों के साथ दो युवक गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार में पुलिस का शिकंजा—दो तमंचे और कारतूस बरामद
किच्छा। अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत किच्छा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एक आरोपी के पास से मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में 21 अगस्त को कोतवाली किच्छा पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने चीनी मिल के पास से 19 वर्षीय जितेन्द्र कश्यप पुत्र राधेश्याम, निवासी वार्ड नंबर 16, किच्छा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने किशनपुर किच्छा से 22 वर्षीय रोहित कश्यप पुत्र छोटे लाल, निवासी विकास कालोनी, वार्ड नंबर 16, किच्छा को दबोचा। उसके कब्जे से भी एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने उसके पास से एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अवैध हथियारों की तस्करी और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



