Breaking News

फर्जी लाइसेंस से हथियार रखने वालों पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार

Share

फर्जी लाइसेंस से हथियार रखने वालों पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा )रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस के आधार पर हथियार रखने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, रायफल, जिंदा कारतूस, कूटरचित शस्त्र लाइसेंस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार एसओजी काशीपुर और रुद्रपुर की जांच में सामने आया कि जनपद के कुछ लोग बाहरी राज्यों से फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर हथियार रखे हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने संदिग्ध लाइसेंसों की जांच के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी तरनतारण (पंजाब) कार्यालय से पत्राचार कर लाइसेंसों का सत्यापन कराया गया।
जांच में पता चला कि जिन शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन कराया गया था, वे जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी ही नहीं किए गए थे। संबंधित लाइसेंस नंबर कार्यालय के अभिलेखों में भी दर्ज नहीं मिले। इसके अलावा लाइसेंसों का नवीनीकरण और शस्त्र जमा कराने संबंधी कोई रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं था। जिन पतों को लाइसेंस प्राप्त करने के लिए दर्शाया गया था, वहां भी आरोपी निवासरत नहीं पाए गए।
इसके आधार पर कोतवाली कुण्डा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने साक्ष्य जुटाने के लिए पंजाब जाकर जांच की और आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि की।
पूछताछ में गिरफ्तार अजय सिंह निवासी किच्छा और अनूप सिंह निवासी भरतपुर, कुण्डा ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पंजाब का निवासी दर्शाकर शस्त्र लाइसेंस बनवाने की बात स्वीकार की। इन लाइसेंसों का उपयोग कर उन्होंने हथियार खरीदे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस ने अनूप सिंह के कब्जे से एक पिस्टल, एक रायफल, एक फर्जी शस्त्र लाइसेंस और मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं अजय सिंह के पास से एक पिस्टल, एक रायफल, 16 जिंदा कारतूस और एक फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद हुआ।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में फर्जी शस्त्र लाइसेंस, अवैध हथियार और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Share
error: Content is protected !!