रुद्रपुर की बेटी ने भरी उड़ान: भारतीय वायु सेना में देशभर में तीसरी, उत्तराखंड में प्रथम रैंक हासिल कर बढ़ाया मान

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मेघा सिंह को किया सम्मानित, कहा— बेटियों की सफलता पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा
रुद्रपुर : रुद्रपुर की होनहार बेटी मेघा सिंह ने भारतीय वायु सेना की चयन प्रक्रिया में देशभर में तीसरी तथा उत्तराखंड में प्रथम रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने उनके आवास पहुंचकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
ईश्वर कॉलोनी स्थित आवास पर आयोजित सम्मान समारोह में ठुकराल ने मेघा सिंह को गणेश जी की प्रतिमा भेंट कर कहा कि यह उपलब्धि केवल रुद्रपुर ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद और उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर तीसरी और राज्य में प्रथम रैंक प्राप्त करना मेघा की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है।
ठुकराल ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और मेघा सिंह की सफलता युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने मेघा के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार के त्याग, संस्कार और सहयोग की अहम भूमिका होती है।
मेघा सिंह के पिता प्रताप सिंह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता साधना सिंह गृहिणी हैं। परिवार ने इस सफलता को वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम बताया।
इस अवसर पर मेघा सिंह ने कहा कि भारतीय वायु सेना में चयन होना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को देते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने युवाओं से अपने सपनों को साकार करने के लिए सकारात्मक सोच और कड़ी मेहनत का संदेश दिया।

