रस मलाई के बहाने ऑफिस पहुंचे इंस्पेक्टर को कारोबारी ने बनाया बंधक, रिश्वतखोरी के आरोपों से मचा हड़कंप

देहरादून। राजधानी देहरादून के हर्रावाला चौकी क्षेत्र में परिवहन विभाग से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ट्रैवल कारोबारी ने परिवहन विभाग में तैनात एक इंस्पेक्टर को अपने ऑफिस में शटर बंद कर करीब एक घंटे तक कैद कर लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मामला चर्चाओं का विषय बन गया।
ट्रैवल व्यवसायी का आरोप है कि संबंधित परिवहन इंस्पेक्टर लंबे समय से उससे हर माह ₹8 हजार की रिश्वत मांगता था। कारोबारी का कहना है कि लगातार हो रही कथित वसूली से परेशान होकर उसने इंस्पेक्टर को रंगे हाथ पकड़ने और पूरे मामले को उजागर करने के उद्देश्य से ऑफिस में बंद कर दिया।
वहीं दूसरी ओर परिवहन विभाग के इंस्पेक्टर ने रिश्वत लेने के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि वह क्षेत्र में किसी कार्य से आया था और इसी दौरान ट्रैवल कारोबारी ने उसे “रस मलाई” खिलाने के बहाने ऑफिस में बुला लिया। इंस्पेक्टर के अनुसार वह अंदर बैठकर रस मलाई खा रहा था, तभी बाहर से शटर बंद कर दिया गया।
इंस्पेक्टर ने दावा किया कि ट्रैवल कारोबारी उसे पहले से जानता है, लेकिन उसे बंद करने के पीछे की वजह समझ से परे है। उसने कहा कि उसका रिश्वत से कोई लेना-देना नहीं है और उस पर लगाए गए आरोप निराधार हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल पूरे प्रकरण को लेकर जांच की बात कही जा रही है। रिश्वतखोरी के आरोप और “रस मलाई” वाली कहानी अब शहरभर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

