ओवरलोडिंग पर परिवहन विभाग की सख्ती, 12 वाहन सीज

रुद्रपुर : यातायात नियमों के उल्लंघन और ओवरलोडिंग के खिलाफ परिवहन विभाग ने सोमवार को रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुद्रपुर के नेतृत्व में फूलभट्टा, किच्छा और आसपास के क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान 12 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 25 वाहनों के चालान काटे गए। सीज किए गए वाहनों में सात मालवाहक, चार यात्री वाहन और एक मोटरसाइकिल शामिल हैं। क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे चार ओवरलोड वाहनों को भी जब्त किया गया। इसके अलावा बिना टैक्स, फिटनेस समेत अन्य नियमों के उल्लंघन में भी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


