विक्रांत हत्याकांड : सोशल मीडिया की दुश्मनी बनी मौत की वजह, 12 घंटे में हत्याकांड का खुलासा—2 आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने किच्छा क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड का मात्र 12 घंटे मे खुलासा करते हुए हत्या में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन एसएसपी अजय गणपति के निर्देश में गठित पुलिस टीम ने उन्हें धाधा फार्म क्षेत्र से धर दबोचा।
25 जून 2026 को किच्छा थाना क्षेत्र के महराया लालपुर रोड पर विक्रांत नामक युवक को 6-7 लोगों ने गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल विक्रांत को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया, जहां बाद में सुशीला तिवारी चिकित्सालय में उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की मां कंचन की तहरीर पर थाना किच्छा में बंटी ठाकुर सहित छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विक्रांत की मृत्यु के बाद मामले में धारा 103 बीएनएस भी जोड़ दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से महज 12 घंटे के भीतर वरुण कुमार और सुशील को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि सोशल मीडिया पर चल रही बयानबाजी और आपसी रंजिश के चलते उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्रांत पर फायरिंग की थी।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर फिलहाल घायल अवस्था में उपचाराधीन है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश और उनके आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और हर अपराधी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

