Breaking News

पानी के विवाद में युवक की मौत, आरोपियों के घर चला बुलडोजर; विकासनगर का बैरागीवाला गांव छावनी में तब्दील

पानी के विवाद में युवक की मौत, आरोपियों के घर चला बुलडोजर; विकासनगर का बैरागीवाला गांव छावनी में तब्दील

विकासनगर/सहसपुर। सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेतों की सिंचाई के पानी के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में विनोद नामक युवक की मौत हो गई, जबकि अशोक, सुषमा और राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
बताया जा रहा है कि पानी के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। मृतक पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग हथौड़े और बेलचे जैसे औजार लेकर घर में घुस आए और हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनोद को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र में कैंप कर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
प्रशासन ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए आरोपितों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई भी शुरू कर दी है। सरकार का “पीला पंजा” आरोपियों के घर तक पहुंच गया और मकान की दीवार तोड़ने से कार्रवाई की शुरुआत की गई। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
वहीं विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी गांव पहुंच रहे हैं और आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कुछ संगठनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग भी उठाई है।
घटना के बाद कुछ परिवारों के गांव छोड़ने और कुछ स्थानों पर आगजनी की चर्चाएं सामने आई हैं, हालांकि प्रशासन ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट सूचना को साझा न करने तथा शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

Advertisement

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.