Breaking News

दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया, NH-74 हादसे में युवक की दर्दनाक मौत

Share

दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया, NH-74 हादसे में युवक की दर्दनाक मौत

बाजपुर: नेशनल हाईवे-74 पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मदर इंडिया पब्लिक स्कूल के समीप क्षमता से अधिक भूसा लादकर जा रहा एक अनियंत्रित ट्राला कार के ऊपर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि कार चालक की मौके पर ही दबकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी ठप हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे ग्राम कनौरा निवासी नाजिम (30 वर्ष) पुत्र आबिद हुसैन अपनी कार लेकर घर से निकला था। बताया जा रहा है कि वह दोराहा चौकी में तैनात एएसआई सुनील कुमार की कार धुलवाने के लिए सर्विस सेंटर ले जा रहा था। इसी दौरान रुद्रपुर की ओर से आ रहा भूसे से लदा एक ओवरलोड ट्राला अचानक असंतुलित हो गया और नाजिम की कार को अपनी चपेट में लेते हुए सीधे उसके ऊपर पलट गया।
हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गई। नाजिम को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
मृतक नाजिम अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है। तीन भाइयों में मंझला नाजिम अपने परिवार का अहम सहारा था। उसकी मौत की खबर जैसे ही गांव कनौरा पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर कोतवाल नरेश चौहान और दोराहा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस और परिवहन विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि हाईवे पर ओवरलोड वाहनों का संचालन खुलेआम हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं। यही लापरवाही आए दिन बेगुनाह लोगों की जान ले रही है। लोगों ने ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई और हाईवे पर नियमित जांच की मांग की है।


Share
error: Content is protected !!