क्रिम्सन वर्ल्ड स्कूल के मुद्दे पर भड़के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, बोले- बीच सत्र में स्कूल बंद करना छात्रों के भविष्य से खिलवाड़

रुद्रपुर। शिमला पिस्तौर स्थित क्रिम्सन वर्ल्ड स्कूल में उत्पन्न संकट को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने स्कूल पहुंचकर अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने पूरे मामले की जानकारी मुख्य शिक्षा अधिकारी को देते हुए कहा कि बीच सत्र में स्कूल बंद करने का निर्णय किसी भी स्थिति में न्यायसंगत नहीं है और इसके लिए जिम्मेदार स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पूर्व विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्कूल प्रबंधन ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो वह स्वयं उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाएंगे। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन की हठधर्मिता और घोर लापरवाही के कारण लगभग 400 छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है। वहीं 80 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा अन्य कर्मचारियों के सामने भी रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
ठुकराल ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर स्कूल प्रबंधन को यह अधिकार किसने दिया कि वह शैक्षणिक सत्र के बीच में विद्यालय बंद करने जैसा मनमाना निर्णय ले। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों की जिम्मेदारी केवल संचालन तक सीमित नहीं होती, बल्कि छात्रों के भविष्य और कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना भी उनकी नैतिक एवं कानूनी जिम्मेदारी है।
उन्होंने मांग की कि प्रशासन और शिक्षा विभाग इस मामले का तत्काल संज्ञान लेकर छात्रों और कर्मचारियों के हित में ठोस कदम उठाएं। साथ ही स्कूल प्रबंधन से अपील की कि वह अपना फैसला वापस लेकर विद्यालय का संचालन जारी रखे, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और कर्मचारियों की आजीविका सुरक्षित रह सके।

