25 करोड़ के भू-माफिया सिंडिकेट पर SIT का शिकंजा, मुख्य आरोपी धनंजय गिरी गिरफ्तार,आईजी कुमाऊं ने भंग की पुरानी SIT, नई टीम ने शुरू की ताबड़तोड़ कार्रवाई; अवैध संपत्तियां फ्रीज करने की प्रक्रिया तेज

रुद्रपुर: कुमाऊं परिक्षेत्र में करीब ₹25 करोड़ से अधिक की संगठित भूमि एवं वित्तीय धोखाधड़ी करने वाले बड़े सिंडिकेट का पुलिस ने महापर्दाफाश किया है। मामले में पुनर्गठित SIT ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त धनंजय गिरी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2018 से अब तक इस संगठित गिरोह के खिलाफ कुल 09 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि 03 मामलों की जांच फिलहाल गहनता से जारी है। इसके अलावा 15 से 20 अन्य पीड़ितों की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले 04 नवंबर 2025 को अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी की अध्यक्षता में SIT बनाई गई थी, लेकिन जांच में अपेक्षित प्रगति न होने पर IG कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने 17 अप्रैल 2026 को पुरानी SIT को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया।
इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के सीधे पर्यवेक्षण तथा एसपी क्राइम जितेन्द्र चौधरी की अध्यक्षता में नई SIT का गठन किया गया। पुनर्गठित टीम ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए 21 मई 2026 को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने सुनियोजित तरीके से भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की। पुलिस ने आरोपियों पर धारा 111 बीएनएस के तहत संगठित अपराध की कठोर धाराएं लगाई हैं।
वहीं अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर धारा 107 BNSS के तहत जब्ती की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जब्त संपत्तियों को भविष्य में पीड़ितों के बीच आनुपातिक रूप से वितरित करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
इसके अलावा आरोपियों की संपत्तियों की खरीद-फरोख्त रोकने के लिए जिलाधिकारी नैनीताल को भी पत्र भेजकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

