मेरठ के पूर्व भाजपा विधायक संगीत सोम को जान से मारने की धमकी, बांग्लादेशी नंबर से आए कॉल और मैसेज
मेरठ। उत्तर प्रदेश भाजपा के फायरब्रांड नेता और सरधना विधानसभा सीट से पूर्व विधायक संगीत सिंह सोम को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, सोम के सचिव के पास बांग्लादेशी नंबर से फोन कॉल आया, जिसमें न सिर्फ संगीत सोम बल्कि उनके परिवार और भारतीय समाचार चैनलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई।
धमकी मिलने के बाद संगीत सोम ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कॉल और मैसेज की तकनीकी जांच की जा रही है, साथ ही संबंधित एजेंसियों को भी अलर्ट किया गया है।
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए संगीत सोम ने कहा कि वे सनातन धर्म और सनातनियों के अधिकारों की बात आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और सत्य के मार्ग पर डटे रहेंगे।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है।




